
शिमला:- उच्च शिक्षा केंद्र राजकीय महाविद्यालय में 24 सितंबर 2022 को राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस मनाया गया। शहरी विकास निदेशक IAS रूपाली ठाकुर जी ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की । रूपाली ठाकुर जी ने स्वयंसेवियों को लैंगिक संवेदनशीलता के विषय में जागरूक किया तथा छात्रों के साथ संवाद भी किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना दिवस के उपलक्ष्य पर संजौली एनएसएस इकाई की नई कार्यकारिणी समिति का भी गठन किया गया। मुख्य अतिथि एवं प्रधानाचार्य डॉ चंद्रभान मेहता जी की उपस्थिति में, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ कामायनी वशिष्ट तथा डॉक्टर विकास नाथन द्वारा स्वयंसेवी हर्ष ठाकुर और अवन्तिका पामटा को इकाई अध्यक्ष , अर्पित शर्मा और अंजलि केवला को उपाध्यक्ष, मुकेश वर्मा को सचिव व प्रेरणा नेगी को सह सचिव तथा मनोज शर्मा को सोशल मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम अधिकारी कामायनी वशिष्ट जी ने बताया कि इसके अतिरिक्त सभी नवनिर्मित समितियों की सूची भी संजौली महाविद्यालय की ऑफिशियल वेबसाइट पर डाल दी जाएगी।
इसके साथ ही मिशन ज्ञानोदय के अंतर्गत बस्तियों में पढ़ाए जा रहे छात्रों द्वारा संजौली महाविद्यालय में बहुत ही सुंदर नृत्य एवं काव्य पाठ किया गया।
छात्रों की रोमांचक प्रस्तुति के पश्चात वीडियो के माध्यम से एनएसएस की सभी गतिविधियों की एक रिपोर्ट प्रदर्शित की गई ।
इसके बाद लैंगिक संवेदनशीलता तथा ट्रांसजेंडर के साथ किए जाने वाले भेदभाव पर स्वयंसेवियों द्वारा एकांकी प्रस्तुत की गई।
संजौली महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉक्टर चंद्रभान मेहता जी ने कहा कि वर्तमान समय में संजौली एनएसएस इकाई राज्य ही नहीं अपितु राष्ट्रीय स्तर पर कार्य कर रही है। उन्होंने मिशन ज्ञानोदय, लैंगिक संवेदनशीलता और अंगदान के लिए चलाए जा रहे मिशन सक्षम इत्यादि की सराहना करते हुए कहा कि जिन विषयों को लेकर समाज में विभिन्न भ्रांतियां फैली हुई है उनके लिए एनएसएस इकाई संजौली ने विभिन्न गतिविधियों द्वारा समाज में जागरूकता फैलाई। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों एवं कार्यक्रम अधिकारी की सराहना की तथा भविष्य में भी सामाजिक कार्यों में तत्पर रहने के लिए शुभकामनाएं दी।

