
सोनिया, खबरनाउ
अपनी प्राकृतिक ख़ूबसूरती और स्वच्छता के लिए विश्व भर में जाने जाने वाले चंडीगढ़ शहर को इंडियन स्वच्छता लीग की 10 लाख से अधिक श्रेणी में नवी मुंबई के साथ संयुक्त रूप से विजेता के रूप में चुना गया है।
केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय द्वारा इंडियन स्वच्छता लीग की 10 लाख से अधिक श्रेणी में विजेताओं को चुना गया है। इस पुरस्कार को भारतीय स्वच्छता लीग (आईएसएल) में शहर की उत्साही भागीदारी के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है। आपको बता दें कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पूरे देश में लगभग 1850 से अधिक शहरों ने भाग लिया था जिसका केंद्र की ओर से मूल्यांकन किया गया। चंडीगढ़ की ओर से इस लीग में 2000 से अधिक युवाओं ने एक मानव श्रृंखला बनाई थी, जिसमें ओपन हैंड और चार कचरे के बॉक्स बनाए गए थे।
नगर निगम आयुक्त आनिंदिता मित्रा, संयुक्त आयुक्त ईशा कंबोज और स्वच्छता लीग में चंडीगढ़ टीम के कप्तान रोहित कुमार ने दिल्ली में तालकटोरा स्टेडियम में यह पुरस्कार हासिल किया।







