मुस्कान,खबरनाउ
जम्मू-कश्मीर के जिला उधमपुर में दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। मानसर मोड़ पर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 67 अन्य घायल हो गए। घायलों में ज्यादातर छात्र शामिल हैं, जो सुबह स्कूल के लिए निकले थे। वहीं, घायलों में ऑफिस जाने वाले कर्मचारी भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि बस मुंगरी खोर गली से उधमपुर शहर जा रही थी। बस जैसे ही क्रीमाची मानसर पहुंची, एक घुमावदार मोड़ से गुजरने के दौरान ड्राइवर वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बस पलट गई।
क्षमता से अधिक यात्री सवार होने के कारण हादसा
बताया जा रहा है कि बस में क्षमता से ज्यादा यात्री भरे थे। कई यात्री बस के दरवाजे की तरफ लटके थे। इस वजह से बस एक तरफ झुक सी गई थी। इसके बावजूद न तो बस चालक ने और न ही बस के कंडक्टेर ने इस पर ध्यान दिया। जिसके कारण बीच रास्ते में ही बस का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई।
इस दुखद घटना के बाद बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गई।

