
मुस्कान, खबरनाउ
उत्तर प्रदेश के पुर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का सोमवार सुबह निधन हो गया. यूरिन संक्रमण, ब्लड प्रेशर की समस्या और सांस लेने में तकलीफ के चलते वह 22 अगस्त से गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे. हालत ज्यादा गंभीर होने पर मुलायम सिंह यादव को 2 अक्टूबर को आइसीयू में शिफ्ट कर दिया गया था और तभी से वह वेंटिलेटर पर थे. मुलायम सिंह यादव के भर्ती होने के बाद से अस्पताल में नेताओं के मिलने सिलसिला लगातार जारी था. रविवार को नेताजी का हाल जानने के लिए रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया मेदांता अस्पताल पहुंचे.
अखिलेश यादव ने ट्वीट कर दी जानकारी
समाजवादी पार्टी के संस्थापक व संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई. उनके निधन पर उनके बेटे व प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव काफी भावुक हो गए. उन्होंने ट्वीट कर जानकारी दी कि मेरे आदरणीय पिताजी व सबके नेताजी नहीं रहे. परिवार ने जानकारी साझा कर बताया गया है कि, उत्तर प्रदेश के सैफई में उनका अंतिम संस्कार होगा.
पीएम ने ट्वीट कर जताया दुख
पीएम नरेंद्र मोद ने ट्वीट कर मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताया. उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘मुलायम सिंह यादव जी एक विलक्षण व्यक्तित्व के धनी थे. उन्हें एक विनम्र और जमीन से जुड़े नेता के रूप में व्यापक रूप से सराहा गया, जो लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील थे. उन्होंने लगन से लोगों की सेवा की और लोकनायक जेपी और डॉ. लोहिया के आदर्शों को लोकप्रिय बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया.’

