
सोनिया, खबरनाउ : चुनावों से पहले एक बार फिर डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम जेल से बाहर आ रहा है। राम रहीम की 40 दिन की पैरोल मंजूर हो गई है। पैरोल के दौरान उसे राजस्थान या यूपी स्थित आश्रम में रखा जा सकता है। बता दें कि हरियाणा में आदमपुर विधानसभा उपचुनाव और पंचायत चुनाव होने जा रहे हैं और उससे पहले दिवाली पर राम रहीम का बाहर आना वोटिंग पर असर डाल सकता है। डेरा प्रमुख साल 2017 से साधवी यौन शोषण मामले में जेल में सजा काट रहा है। वहीं पत्रकार छत्रपति और रणजीत हत्याकांड में भी राम रहीम को सजा हो चुकी है।
हरियाणा में आदमपुर चुनाव होने वाले हैं। इसके लिए नामांकन शुरू हो चुका है। सिरसा आदमपुर के करीब ही है। जहां राम रहीम के खासे श्रद्धालु रहते हैं। पंचायत चुनाव के लिए भी घोषणा हो चुकी है। पहले चरण में 9 जिलों में पंचायत चुनाव कराए जा रहे हैं। राम रहीम के बाहर आने को इससे भी जोड़कर देखा जा रहा है। राम रहीम की पैरोल की अवधि के दौरान ही डेरे की पॉलिटिकल विंग समर्थन की रणनीति बनाएगी। जिसके बारे में आगे श्रद्धालुओं को सूचित किया जाएगा।
इससे पहले राम रहीम को फरवरी 2022 और जून 2022 में पैरोल मिली थी। अब तक राम रहीम को 51 दिन की छुट्टी मिल चुकी है। गौरतलब है कि डेरा प्रमुख पंजाब में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान भी जेल से बाहर आया था। उस वक्त डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह 21 दिन की फरलो दी गई थी।







