अनुपमा/खबरनाउ: प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के लिए आज अंतिम दिन है वहीं कुल्लू की विधानसभा सीट इन दिनों चर्चा का विषय बन हुई है. यहां पर भाजपा हाईकमान ने बीते दिनों पूर्व विधायक महेश्वर सिंह के नाम टिकट की घोषणा की थी लेकिन आज आरएसएस से जुड़े नेता नरोत्तम ठाकुर को बिना किसी पूर्व घोषणा के भाजपा ने कुल्लू विधान सभा क्षेत्र से टिकट थमा दिया है.
जानकारी के मुताबिक़ कुल्लू विधानसभा में जहां महेश्वर सिंह ने कुल्लू से टिकट की मांग रखी थी तो वहीं बंजार विधानसभा क्षेत्र से उनके छोटे बेटे हितेश्वर सिंह ने भी पार्टी से टिकट माँगा था लेकिन, भाजपा ने बंजार से वर्तमान विधायक सुरेंद्र शौरी पर भरोसा जताया और उन्हें पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया . इससे नाराज़ होकर हितेश्वर सिंह ने आज़ाद प्रत्याशी के तौर पर अपना नामांकन दाखिल कर दिया है. हालाँकि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर खुद हितश्वर सिंह को मनाने के लिए पहुंचे थे लेकिन, उन्होंने साफ़ कह दिया की वह विधानसभा चुनाव हर हाल में लड़ेंगे .
ऐसे में हितेश्वर सिंह की ज़िद्द पिता महेश्वर सिंह पर भारी पड़ी. इसका खामियाज़ा महेश्वर सिंह को अपनी टिकट कटवा कर भरना पड़ा. क्योंकि, भाजपा हईकमान नहीं चाहती है कि एक ही परिवार से दो व्यक्ति चुनाव लड़ें.


