अनुपमा/खबरनाउ: विधानसभा चुनाव के चलते मंगलवार का दिन राजनीतिक हलचल से भरा रहा. नामांकन के अंतिम दिन प्रदेश के अलग-अलग जगह से चुनावी मैदान में कई प्रत्याशियों ने नामांकन भरे.
वहीं सुलह में पार्टी ने जगदीश सिपहिया को कांग्रेस का प्रत्याशी घोषित किया है. ऐसे में पूर्व विधायक जगजीवन पाल ने आजाद प्रत्याशी के तौर पर एक बड़े जनसैलाब के साथ अपना नामांकन पत्र भरा.
यहां पर भाजपा ने विपिन परमार को अपना प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस ने जगदीश सिपहिया का प्रयोग किया है. लंबे अंतराल के बाद यहां पर ठाकुर से ठाकुर की चुनावी लड़ाई देखने को मिल रही है.
इस बार कांग्रेस पार्टी को जगजीवन पाल की नाराजगी भारी पड़ रही है. जगजीवन पाल लंबे समय से सुलह में संघर्षरत रहे हैं और जनसेवा में जुटे रहे हैं. ऐसे में एकाएक जगदीश सिपहिया का टिकट उनके समर्थकों को भा नहीं रहा और इस बार यहां पर कांग्रेस से कांग्रेस टकराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है. अब कांग्रेस को यहां अपने ही बागी से पार पाना होगा. अगर यह चुनौती कांग्रेस पास पा जाती है फिर आगामी द्वंद्व भाजपा प्रत्याशी के साथ होगा.

