मुस्कान,खबरनाउ: विधानसभा चुनाव के चलते हिमाचल प्रदेश में सियासत गरमाई हुई है। चुनावों को लेकर नेताओं के बीच जुबानी जंग तो चला हुआ है, साथ ही पोस्टर वॉर भी जारी है। शिमला में ओल्ड बस स्टैंड के पास मल्टीलेवल पार्किंग की बिल्डिंग पर कांग्रेस का पोस्टर लगाने के बाद से पोस्टर फाइट शुरू हो गयी है. कांग्रेस ने इस पोस्टर में लिखा था ‘कांग्रेस आ रही है’।बीजेपी ने इस पोस्टर के आगे कलाकारी की। बीजेपी ने कांग्रेस के पोस्टर आगे ‘जयराम जी के शपथ ग्रहण समारोह में’ लगा दिया। लेकिन बीजेपी के इस पोस्टर को अब किसी ने फाड़ दिया है।
इसके जवाब में अब कांग्रेस की ओर से वहां एक और दिलचस्प पोस्टर नजर आ रहा है. जिसपर लिखा गया है ‘शपथ का सपना टूटेगा क्योंकि आ रही है कांग्रेस’. कांग्रेस ने पोस्टर का जवाब पोस्टर से दिया लेकिन इस नहले पर दहला साबित हुआ एक और पोस्टर, कांग्रेस के पोस्टर के साथ ही एक और पोस्टर लगा दिया गया जिसपर लिखा था ‘फिर से विपक्ष में’, इस बार इन पोस्टरों को पढ़ने पर ये लाइन बनती है, ‘शपथ का सपना टूटेगा क्योंकि आ रही है कांग्रेस फिर से विपक्ष में’. इस पोस्टर वॉर में खास बात ये है कि कांग्रेस के समर्थन में लगे पोस्टरों में कांग्रेस का चुनाव चिन्ह और नेताओं की तस्वीर मौजूद है. लेकिन बीजेपी के पोस्टर्स में ना तो कोई चुनाव चिन्ह है और ना ही नेता की तस्वीर.
पोस्टर को देख लोग अलग अलग प्रितिक्रियाएँ दे रहे थे. शिमला में पहली बार पोस्टर फाइट देखने को मिल रही है.


