शिमला के गुम्मा में एक पेट्रोल पंप की राशि में लाखों रुपए की गड़बड़ी का मामला सामने आया है. हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (HPCC) के महासचिव महेंद्र सतान से 40 लाख रुपए की धोखाधड़ी हुई है. यह धोखाधड़ी सतान के पेट्रोल पंप पर काम करने वाले कर्मचारियों ने की है. पुलिस के मुताबिक महेंद्र सतान की ओर से दी गई शिकायत में कहा गया है कि उनका कोटखाई में सतान एचपी इंटरप्राइजेज, गुम्मा नाम से पेट्रोल पंप है. इस पेट्रोल पंप पर मैनेजर, असिस्टेंट मैनेजर समेत 4 कर्मचारी काम करते हैं. शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनके पेट्रोल पंप पर तेल बेचने के बदले आने वाली पेमेंट काफी समय से बैंक अकाउंट में नहीं डाली जा रही थी. जब उन्होंने इसकी पड़ताल शुरू की तो पता चला कि पंप पर काम कर रहा स्टाफ उनसे धोखाधड़ी कर रहा है.

वताया जा रहा है कि यह लोग पंप पर होने वाली सेल की रकम अपने बैंक खातों में डलवाते रहे. यही नहीं, पंप से तेल डलवाने वाले जो ग्राहक ऑनलाइन पेमेंट करना चाहते थे, उन्हें ये कर्मचारी अपना गूगल-पे अकाउंट दे देते थे. पंप के रिकॉर्ड में इस पेमेंट की कोई जानकारी नही है. महेंद्र सत्तान की शिकायत पर पुलिस ने पेट्रोल पंप मैनेजर सुरेंद्र सिंह निवासी देहल गांव जिला कांगड़ा, पंप के असिस्टेंट मैनेजर रोहित निवासी गुम्मा और दो कर्मचारियों सुनील व पुष्पेंद्र पर FIR दर्ज कर ली गई है.



