ब्यूरो,खबरनाउ:गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार पूरे जोरों पर है. हिमाचल के बाद अब हर पार्टीयों के बड़े-बड़े नेताओं की नजरें गुजरात के चुनवों पर है. वही ऐसे में आज प्रधानमंत्री मोदी का गुजरात के दौरे का तीसरा दिन है.
आज भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीन रैलियां हैं. पीएम मोदी की पहली रैली सुरेंद्रनगर में सुबह 11 बजे होगी. इसके बाद दो बजे जंबूसर और शाम चार बजे नवसारी में वह चुनावी सभा करेंगे. पीएम मोदी ने पिछले विधानसभा चुनाव में गुजरात में 34 जनसभाएं की थीं. बताया जा रहा है कि इस बार उनकी 25 चुनावी सभाएं होंगी.
पीएम के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोययल, पुरुषोत्तम रुपाला, गुजरात बीजेपी के अध्यक्ष सीआर पाटील और मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह पटेल की भी रैलियां होंगी.
भारत जोड़ो यात्रा पर निकले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी आज से गुजरात चुनाव में प्रचार के लिए एंट्री करेंगे. हाल ही में हुए हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में वह प्रचार से दूर रहे हैं. हालांकि, आज गुजरात में जरूर सभा करेंगे. तय कार्यक्रम के मुताबिक, राहुल गांधी सौराष्ट्र के राजकोट और सूरत के महुधा में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे.
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी आज गुजरात चुनाव में प्रचार करते दिखाई देंगे. केजरीवाल पाटीदारों के गढ़ माने जाने वाले अमरेली में रोड शो करेंगे.उनके अलावा पंजाब मुख्यमंत्री भगवंत मान, राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और संजय सिंह भी गुजरात में गुजरात के अलग-अलग इलाकों में पार्टी के लिए चुनाव करेंगे.



