मुस्कान,खबरनाउ: अटल टनल रोहतांग के साथ लगती फ्रेंडशिप पीक में हिमस्खलन की चपेट में आए शिमला के पर्वतारोही की तलाश सोमवार को भी जारी है. सोमवार सुबह तीन बजे मनाली से रेस्क्यू टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है. हालांकि प्रशासन हवाई सेवा की भी व्यवस्था कर रहा है, लेकिन इस बीच हिमपात हो जाता है तो रेस्क्यू अभियान प्रभावित हो सकता है. बताया जा रहा है की पर्वतारोही शनिवार को हिमस्खलन के चपेट में आकर लापता हो गया था.
पर्वतारोही सचिन व साहिल ने बताया कि 17 नवंबर को वो फ्रेंडशिप पीक को फतह करने गए थे. 18 तारीख को लौट रहे थे तो सुबह 10 बजे फ्रेंडशिप पीक में हिमस्खलन हुआ. इस दौरान आशुतोष पुत्र सुरेंद्र हिमटा निवासी गांव अढ़शाला ,तहसील चौपाल जिला शिमला निवासी हिमस्खलन की चपेट में आ गया. सोमवार को एटीओए व अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतरोहण संस्थान की रेस्क्यू टीम भेजी गई. बता दें कि प्रशासन ने इन दिनों ट्रैकिंग गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया है. ऐसे में तीनों युवक बिना अनुमति ट्रैकिंग पर निकले थे.



