ब्यूरो, खबरनाउ: नए विधायकों को शपथ दिलवाने के लिए कांग्रेस के सबसे वरिष्ठ विधायक चंद्र कुमार को चुना गया है. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार के पहले शीतकालीन सत्र के दौरान चंद्र कुमार प्रोटेम स्पीकर होंगे. चंद्र कुमार ने कांगड़ा जिला के जवाली विधानसभा क्षेत्र से जीत हासिल की हैं और यह उनका छठा विधायक कार्यकाल है. चंद्र कुमार सबसे पहले 1982 में विधायक बने थे, जब ठाकुर रामलाल हिमाचल के मुख्यमंत्री थे. उसके बाद उन्होने 1985, 1993, 1998 और 2003 में भी जीत अपने नाम दर्ज की और इसके बाद वह लोकसभा चले गए.
विधायकों की शपथ, चूंकि वरिष्ठ विधायक के द्वारा करवाई जाती है, इसीलिए यह काम चंद्र कुमार को दिया गया है. हालांकि विधानसभा के शीतकालीन सत्र की डेट अभी तय नहीं हो पाई है. इसकी एक वजह मंत्रिमंडल को लेकर चल रहे उठापटक के दौर को माना जा रहा है. कांग्रेस के सभी विधायक अब दिल्ली होते हुए राजस्थान जा रहे हैं. वापस आने के बाद ही इस पर फैसला लिया जाएगा. विधानसभा का शीतकालीन सत्र धर्मशाला के तपोवन में होगा, लेकिन शेड्यूल फाइनल बाकी है.







