खबरनाउ, ब्यूरो: राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने राजस्थान गए हिमाचल कांग्रेस के पदाधिकारियों की बस हादसे का शिकार हो गई. बस और पिकअप की टक्कर काफी जोरदार थी जिसमें पिकअप सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. हादसे में कांग्रेस के 10 पदाधिकारी भी घायल हुए हैं. घटना राजस्थान के दौसा जिला में उस समय हुई जब दो अलग-अलग बसों में सवार हिमाचल कांग्रेस के विधायक व पदाधिकारी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होकर वापिस दिल्ली लौट रहे थे. बताया जा रहा है कि एक बस में हिमाचल कांग्रेस के विधायक तो दूसरी बस में हिमाचल कांग्रेस के पदाधिकारी सवार थे. इसी दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों की बस दौसा जिले के सदर थाना क्षेत्र के माल आवास के समीप सडक़ हादसे का शिकार हो गई। बस व पिकअप के बीच जोरदार टक्कर हो गई.हादसा इतना भीषण था कि पिकअप सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
करीब 10 कांग्रेस पदाधिकारियों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से एक पदाधिरकारी की स्थिति गंभीर होने पर उसे जयपुर रेफर किया गया है. अन्य कांग्रेस पदाधिकारी दौसा जिला अस्पताल में उपचाराधीन हैं कांग्रेस पदाधिकारी लाहुल-स्पीति जिला के बताए जा रहे हैं. उधर, बस और पिकअप में हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कर दिया. घायलों को तत्काल हॉस्पिटल पहुंचाया गया.

