खबरनाउ ब्यूरो: चंडीगढ़ वासियों के लिए खुशखबरी है। साल 2028 तक चंडीगढ़ में हर घर पीने का पानी 24 घंटे उपलब्ध हो सकेगा । बीते दिन शुक्रवार को निगम और फ्रांस सरकार के एजेंसे फ्रांसेंस डी डेवलपमेंट (AFD) के बीच अंतिम समझौते पर दस्तखत हो चुके हैं। 512 करोड़ रुपए की इस परियोजना के 2028 तक पूरा होने की उम्मीद जताई गई है।
समझौते के अनुसार AFD ऋण के रूप में परियोजना के लिए 412 करोड़ रुपए देगा। इसे चंडीगढ़ नगर निगम की ओर से 15 वर्षों में चुकाना होगा। इसके अलावा, यूरोपीय संघ भी परियोजना के लिए 100 करोड़ का अनुदान देगा। इस भाग्यश्री योजना के समझौते के अवसर पर पंजाब के गवर्नर एवं चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित भी उपस्थित रहे। साथ ही नगर निगम कमिश्नर आनंदिता मित्रा समेत मेयर ने इसे ऐतिहासिक दिन बताते हुए शहरवासियों को बधाई दी।
प्रोजेक्ट की शुरुआत सात साल पहले की गई थी। चंडीगढ़ के प्रशासक बीएल पुरोहित ने बीते साल मनीमाजरा में इस प्रोजेक्ट की आधारशिला भी रखी थी। इस प्रोजेक्ट के तहत लोगों के घरों में पानी के स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे जिसकी मदद से शहरवासी इस्तेमाल होने वाले पानी की मॉनिटरिंग कर पाएंगे। इससे उनका बिल भी कम आएगा और ग्राउंड वाटर पर निर्भरता भी कम होगी।







