मोक्ष शर्मा,शिमला: युवा कांग्रेस ने केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को युवा कांग्रेस ने विरोधस्वरूप बेरोजगारी दिवस के रूप में मनाया। युवा कांग्रेस ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन से जिलाधीश कार्यालय तक रैली निकालकर प्रदर्शन किया। इस मौके पर भारतीय युवा कांग्रेस के सचिव एवं प्रभारी हिमाचल प्रदेश जगदेव गागा व दमन बाजवा भी मौजूद रहे। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव जगदेव गागाा व दमन बाजवा ने कहा मोदी सरकार की गलत नीतियों के कारण करोड़ों युवा बेरोजगारी की मार से ग्रस्त हैं।
NSUI के छात्रों द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस को राष्ट्रीय बेरोज़गार दिवस के रूप में मनाया….
एनएसयूआई के छात्रों द्वारा देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को राष्ट्रीय बेरोज़गार दिवस के रूप में मनाया गया। हिमाचल प्रदेश में प्रदेशाध्यक्ष छत्तर ठाकुर के दिशानिर्देश पर एनएसयूआई के छात्रों द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में मोदी सरकार की युवा व छात्र विरोधी नीतियों और बेरोज़गारी को बढ़ावा देने वाली नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया गया।
इस मौके पर जिला शिमला में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई के छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन के कर्मचारियों को जुमला चाय बेचकर रुपये अर्जित किये। इसी तरह जिला बिलासपुर और हमीरपुर की इकाइयों के छात्रों द्वारा अखबार व चाय बेची गयी। सोलन जिला में एनएसयूआई के छात्रों द्वारा लोगों के जूते व बूट पॉलिश कर पैसे कमाकर बेरोज़गार दिवस मनाया गया।
इस मौके पर प्रदेश संगठन महासचिव की अगवाई में छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलसचिव के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी को एक पत्र भेजा गया। इस पत्र के माध्यम से बेरोज़गारी को बढ़ावा देने वाली नीतियों के कारण देश के युवाओं व छात्रों को हो रही आर्थिक समस्याओं व मानसिक परेशानियों के बारे में मोदी को जानकारी भेजने का प्रयास किया गया है।
छात्रों ने प्रधानमंत्री से देश के बेरोज़गार युवाओं के लिए नए रोज़गार व आय के साधन सृजित करने की मांग की और केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में रिक्त चल रहे लाखों पदों को जल्द भरने की भी मांग की। इस मौके पर प्रदेश महासचिव बलविन्दर बल्लु, विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष प्रवीण मिन्हास, सचिव महेश ठाकुर व यासीन भट्ट मौजूद रहे।


