संवाददाता, शिमला: ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से तैयार उत्पाद अब मुख्य डाकघर शिमला में भी बिकेंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गुरुवार को महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से तैयार उत्पादों को प्रदर्शित करने और बेचने के लिए मुख्य डाकघर शिमला में महिला शक्ति केंद्र कांउटर का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान कोविड-19 महामारी के दौरान देश और राज्य की अर्थव्यवस्था को स्थिर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रदेश ग्रामीण विकास विभाग ने इस दिशा में कई कदम उठाए हैं। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और भारतीय डाक विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राज्य के मुख्य डाकघरों में महिला शक्ति केंद्र शुरू करना महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।
स्वयं सहायता समूहों के तैयार उत्पाद बिक्री के लिए इन काउंटरों पर उपलब्ध रहेंगे। ग्रामीण विकास विभाग के तहत गठित स्वयं सहायता समूह इन बिक्री काउंटर पर अपने उत्पाद बेच सकते हैं। बिक्री के बाद धनराशि सीधे स्वयं सहायता समूहों को हस्तांतरित की जाएगी। कहा कि यह न केवल महिलाओं की आर्थिकी को मजबूत करेगा, बल्कि जनता के बीच स्थानीय उत्पादों को भी प्रोत्साहित करेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ को वास्तविक रूप से साकार करेगा। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, ग्रामीण विकास और पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल, सचिव ग्रामीण विकास डॉ. संदीप भटनागर, निदेशक ग्रामीण विकास ललित जैन, मुख्य डाक मास्टर जनरल मीरा रंजन मौजूद रहे।


