संवाददाता, मंडी: हिमाचल प्रदेश में त्योहारी सीजन के चलते पर्यटकों की आमद बढ़ गई है कोरोना काल के बावजूद भी पर्यटक क्रिसमस और आने वाले नए साल का जश्न मनाने के लिए पहाड़ों का रुख कर रहे हैं जिसके चलते मंडी कुल्लू हाईवे पर बड़ा जाम लग गया। क्रिसमस और नए साल के बावजूद भी फोर लेन का काम नहीं रोका गया, जिसकी वजह से लंबा जाम लग रहा है।
जानकारी के अनुसार, सड़कों के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। वहीं मंडी से पंडोह और पंडोह से ओट के बीच भारी जाम लग रहा है। पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोग भी जाम में फंसे रहे। गौरतलब है कि ऐसी अवस्था में भी यहां पर उतनी मात्रा में पुलिस बल को तैनात नहीं किया गया है। जाम में सैलानियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।


