संवाददाता, शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर दो दिवसीय दौरे पर गृह जिला मंडी पहुंचे। जहां उन्होंने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कोरोना संक्रमण की प्रतिपुष्टि की। उन्होंने कहा कि हिमाचल में पाबंदियों की वजह से कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमी है। इसके बावजूद लोगों को सचेत रहने की जरूरत है। तीन माह पहले ऐसा दौर भी आया था कि सूबे में कोरोना संक्रमण के मामले बेहद कम रह गए। लेकिन लापरवाही के चलते फिर संक्रमण के मामले बढ़ गए। इस तरह की गलती दोबारा नहीं दोहराई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कोरोना वैक्सीन को लेकर हिमाचल में ड्राई रन यानी मॉकड्रिल शुरू हो गई है। जनवरी अंत तक हिमाचल को कोरोना वैक्सीन मिलने की उम्मीद है। वैक्सीन को लेकर प्रोटोकाल तैयार कर लिया गया है। ट्रांसपोटेशन समेत अन्य चीजों की तैयारियां चल रही हैं। नवंबर माह में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए प्रदेश सरकार को मजबूरन कुछ पाबंदियां और सख्त कदम उठाने पड़े। जिसकी बदौलत आज प्रदेश में कोरोना कमजोर पड़ा है।


