स्पेशल डेस्क, बिलासपुर: एक तरफ जहां कोरोना की वैक्सीन आने की खबर से लोगों ने राहत भरी सांस ली है वहीं दूसरी तरफ हिमाचल प्रदेश में बर्ड फ्लू फैलने का खतरा मंडराने लगा है। हाल ही में कांगड़ा के पोंग डैम में 1700 से ज्यादा प्रवासी पक्षी मृत पाए गए और जांच के बाद यह खुलासा हुआ यह सभी पक्षी बर्ड फ्लू से ग्रसित थे।
स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल
इसके बाद अब कोलडैम के साथ लगते चंचल गांव से भी इसी तरह की खबर सामने आ रही है। जमथल गांव के साथ लगते एक नाले में दर्जनों कौवे मृत पाए गए। जिसके बाद स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया है। सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन ने भी संबंधित विभाग की टीम को सैंपल लेने के लिए बुला लिया।
बिलासपुर प्रशासन भी हुआ सतर्क
इस मामले में बिलासपुर के डीसी रोहित जमवाल ने कहा कि पोंग डैम से प्रवासी पक्षियों मरने की खबर के बाद से ही बिलासपुर प्रशासन भी सतर्क हो गया है। सभी संबंधित विभागों के साथ मिलकर इस परिस्थिति को काबू में करने के लिए योजनाएं बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सूचना मिलने के बाद संबंधित विभाग की टीम सैंपल लेने के लिए रवाना हो गई है और सैंपल के रिजल्ट आने के बाद सभी तरह की जरूरी कार्रवाई की जाएगी।


