देश भर में कोरोना महामारी फैलने के बाद से शासन और स्वास्थ्य व्यवस्था को बनाए रखने में देश डॉक्टर्स, पैरामेडिकल स्टाफ, सफाई कर्मियों की तरह ही पुलिसकर्मी भी जीन-जान से अपनी ड्यूटी निभाई और व्यवस्था को बनाए रखने में योगदान दिया। कोरोना का दूसरा फेस चल रहा है और देश के कोरोना वारियर्स भी कमर कस चुके हैं। ताज़ा खबर छत्तीसगढ़ से है जहां अपने काम के प्रति समर्पण की एक मिसाल देखने को मिली, यहां पर डीएसपी शिल्पा साहू पांच माह की गर्भवती होने के बावजूद अपनी जिम्मेदारी निभाती हुई सड़क पर नजर आई । दरअसल, छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस का प्रसार अपने चरम पर है। ऐसे में बस्तर जिले के दंतेवाड़ा में तैनात डीएसपी शिल्पा साहू अपनी टीम के साथ सड़कों पर उतर आईं और लोगों को कोविड सुरक्षा प्रोटोकॉल की अहमियत समझाते हुए दिखाई दीं। इस बीच उनका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
गौरतलब है कि दंतेवाड़ा में कोरोना के कारण सम्पूर्ण लॉकडाउन लागू है। इस बीच डीएसपी साहू ने सड़क पर उतरकर राहगीरों से कोरोना गाइडलाइंस का पालन करवाया। चिलचिलाती धूप में डीएसपी ने लोगों के चालान भी काटे। इसके साथ ही वे सड़क पर बेवजह घर से निकलने वालों को समझाते हुए भी नजर आईं कि वे ऐसा न करें।
ध्यान देने वाली बात है कि एक गर्भवती महिला के लिए ऐसे कोरोना के समय में सड़क पर उतरना बेहद जोखिम भरा है लेकिन इस सब से परे डीएसपी साहू का अपने काम के प्रति समर्पण काबिल-ए-तारीफ़ है और इसको सांकेतिक रूप में देखें तो ज़रूरत है समझने की की जनता का खुद से जागरूक होना बेहद जरूरी है और ज़रूरी है कि कोविड गाइड लाइन का खुद से पालन करें और स्वास्थ्य की ओर विशेष ध्यान रखें।


