शिमला। कोरोना की दूसरी लहर ने पूरे देश में असर डाला है कई राज्यों में लॉकडाउन की स्थिति भी आ गई है। पिछले दिनों राज्य सरकार के आदेशों के बाद प्रदेश भर में भी कई सारी बंधिशे लगाई गई। जिसमें 5 वर्किंग डेज़ इन वीक और 50% कर्मचारियों के साथ ऑफिस चलाए जाने समेत कई अहम फैसले लिए गए। अब एक अहम फैसला लेते हुए हिमाचल सरकार ने राज्य में वर्तमान कोविड-19 की स्थिति को देखते हुए हिमाचल प्रदेश सरकार में कार्यरत कर्मचारियों का एक और 2 दिन के वेतन में कटौती का फैसला लीया है। इस संबंध में जयराम सरकार ने आदेश जारी करते हुए बताया कि प्रथम और द्वितीय श्रेणी के अधिकारियों या कर्मचारियों के 2 दिन के वेतन में कटौती की जाएगी और यह धनराशि कोविड -19 सॉलिडेरिटी रिस्पॉन्स फंड में जमा की जाएगी। इसके अलावा सभी अनुबंध व नियमित तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों का भी एक दिन का वेतन काटा जा सकता है। इस संबंध में सचिव(स्वास्थ्य) अमिताभ अवस्थी की ओर से सभी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों व स्वायत्त निकायों के आहरण और वितरण अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। सरकार ने सभी साधन संपन्न परिवारों से भी फंड में योगदान देने की अपील की है। हिमाचल सरकार का कहना है कि प्रदेश में भी करुणा की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है और ऐसे में स्वास्थ्य संबंधी बुनियादी ढांचे की मजबूती के लिए कर्मचारियों का वेतन काटने का फैसला लिया है। ख़ैर इस कदम से किस हद तक स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुधारा जाता है यह देखने वाली बात होगी।


