शिमला। हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों के साथ शुक्रवार से ई पीटीएम का आयोजन किया जाएगा। शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर चार जून को दोपहर तीन बजे ई पीटीएम में स्वयं शामिल होकर कुछ अभिभावकों के साथ चर्चा करेंगे। पांच से आठ जून तक शिक्षक स्वयं अभिभावकों के साथ चर्चा करेंगे। नौ जून को दोबारा शिक्षा मंत्री ई पीटीएम में शामिल होकर अभिभावकों से प्राप्त सुझावों पर अपनी राय रखेंगे।
समग्र शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशालय की ओर से ई पीटीएम का आयोजन किया जाएगा। ई पीटीएम के दौरान अभिभावकों के साथ स्कूलों को कब से बच्चों के लिए खोला जा सकता है जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके अलावा ऑनलाइन पढ़ाई किस प्रकार से हो रही है, इसका लाभ या नुकसान क्या देखा गया है जैसी बातों को लेकर अभिभावकों से बातचीत की जाएगी। कोरोना के कारण सभी शिक्षण संस्थान बंद है। और पढ़ाई सुचारू रूप से चलती रहे इसलिए प्रदेश सरकार की ओर से हर घर पाठशाला कार्यक्रम चलाया जा रहा है। मगर क्या यह सही ढंग से काम कर रहा है इस पर भी शिक्षा मंत्री खुद भी अभिभावकों के साथ चर्चा में शामिल होंगे। चार से नौ जून तक चलने वाली ई पीटीएम से प्राप्त होने वाले सुझावों और आपत्तियों को लेकर विस्तृत रिपोर्ट बनाकर सरकार को भेजी जाएगी।

