हमीरपुर: पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निधन पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने दुख प्रकट किया है। वीरभद्र सिंह के निधन को प्रदेश की राजनीति के एक बड़े युग की समाप्ति बताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफ़ेसर प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि आज प्रातः काल प्रदेश के सबसे वरिष्ठ नेता वीरभद्र सिंह के निधन दुखद समाचार उन्हें प्राप्त हुआ । यह समाचार सुनकर उन्हें बहुत दुख हुआ है। वह छ: बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे, अनेकों बार लोकसभा में सांसद रहे व केंद्र में कई बार मंत्री भी रहे। उन्होंने लगातार देश और प्रदेश की सेवा की है। वह बहुत बड़े फाइटर थे, चाहे व्यक्तिगत जीवन का संघर्ष हो, चाहे राजनीतिक हो या सामाजिक जीवन में हो उन्होंने कभी हार नहीं मानी, उन्होंने हर मुसीबत का सामना किया और सफल भी हुए। उनके निधन से एक बड़ा युग हिमाचल की राजनीति में समाप्त हो गया।
वह हमेशा अपनी सेवाओं के लिए याद रखे जाएंगे। मैं उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूं, मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति मिले व उनके परिवार को और उनके समर्थकों को यह सदमा सहन करने की शक्ति मिले और वह उनके बताए हुए रास्ते पर चलते रहें।

