हिमाचल: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के सह-प्रभारी संजय दत्त ने हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस पार्टी के डीगज नेता वीरभद्र सिंह के दुखद निधन पर शोक व्यक्त करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धापूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की है।
संजय दत्त ने स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के दुखद निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि, दिवंगत आत्मा वीरभद्र सिंह आधुनिक हिमाचल के निर्माता थे। आज हम जिस विकास के रथ पर सवार हिमाचल की तस्वीर देखते हैं, उसकी परिकल्पना स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने वर्षों पहले की थी। वो 6 बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे, उन्होंने प्रदेश को काफी करीब से देखा और हिमाचल के हर क्षेत्र के विकास की गाथा लिखी। उन्होंने हर वर्ग, हर समुदाय के लोगों का विकास किया और इसलिए वो प्रदेश की जनता के लिए हमेशा राजा बने रहे।
प्रदेश सह प्रभारी संजय दत्त ने दिवंगत आत्मा वीरभद्र सिंह को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह जैसा व्यक्तित्व वर्षों में एक बार इस धरती पर जन्म लेता है। वो न केवल एक कुशल राजनेता रहे बल्कि एक कुशल जननेता भी रहे। उन्होंने स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के विषय में कहते हुए कहा-
“वक़्त के दरियाओं से एक हीरा निकलता है सदियों में एक बार।
और आसमां में सितारा बन सदियों तक जगमगाता है।।”
प्रदेश कांग्रेस सह-प्रभारी संजय दत्त ने दिवंगत वीरभद्र सिंह को याद करते हुए कहा कि, स्वर्गीय वीरभद्र सिंह हमारे दिलों में सदा जीवित रहेंगे और हम सभी को प्रेरणा देते रहेंगे। हम सभी मिलकर प्रार्थना करते हैं कि ईश्वर जन नेता और आधुनिक हिमाचल के निर्माता स्वर्गीय वीरभद्र सिंह को श्री चरणों में स्थान दे।

