नई दिल्ली: भारत में कोरोना वायरस के ओमीक्रोन वेरिएंट से संक्रमण का एक और मामला सामने आया है। गुजरात के जामनगर में एक शख्स ओमीक्रोन वैरिएंट से संक्रमित पाया गया है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को ये जानकारी दी।
गुजरात में ओमीक्रोन वैरिएंट की एंट्री
ओमीक्रोन वैरिएंट से संक्रमित व्यक्ति हाल ही में अफ्रीकी देश जिम्बाब्वे से लौटा था। इसके बाद उसके सैंपल को जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए पुणे भेजा गया था। भारत में ओमीक्रोन का ये तीसरा मामला है। इससे पहले कर्नाटक में दो मामले सामने आ चुके हैं।कर्नाटक के बेंगलुरु में दो मामले सामने आए थे। इनमें से एक दक्षिण अफ्रीकी नागरिक है, जबकि दूसरा स्थानीय व्यक्ति है।
अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए नियम सख्त
ओमीक्रोन के दुनिया भर में बढ़ते मामलों के बीच भारत में भी आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के टेस्ट और निगरानी को बढ़ाया गया है। विशेष रूप से जोखिम वाले देशों से आने वाले यात्रियों को लेकर नियम सख्त हैं। ओमीक्रोन का पहला मामला दक्षिण अफ्रीका में आया था और अब कई देशों में इससे संक्रमण के केस आ चुके हैं।


