स्पेशल डेस्क : नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने एक बार फिर जयराम सरकार पर जुबानी हमला बोला है। हिमाचल प्रदेश को पूरी तरह से वैक्सीनेट घोषित करने पर मुकेश ने कहा कि कोविड वैक्सीनेशन में बड़े स्तर पर घोटाला हुआ है। उन्होंने कहा कि कई लोगों को बिना वैक्सीन लगवाए ही सर्टिफिकेट जारी कर दिए गए है और कई मृत लोगों को भी कोरोना के टीके लगवाए गए है।
झूठे आंकड़े पेश कर रही जयराम सरकार
उन्होंने कहा कि बीते दिनों हिमाचल प्रदेश में हुए उपचुनाव में भाजपा सरकार को भारी हार का सामना करना पड़ा है जिसके बाद जयराम सरकार सिर्फ अपनी उपलब्धि बढ़ाने के लिए झूठे आंकड़े पेश कर रही है।
सत्ता में आने के लिए किए बड़े-बड़े वादे
उन्होंने कहा कि इन चार सालों में प्रदेश की भाजपा सरकार पूरी तरह से फेल रही है। जिन वायदों को लेकर यह सरकार सत्ता में आई थी उन्हें अभी तक पूरा नहीं किया गया है और अब अंतिम वर्ष में सरकार आनन फानन में एलान पर एलान किये जा रही है।
वैक्सीनेशन को लेकर हिमाचल में एक बड़ा घोटाला
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर हिमाचल में एक बड़ा घोटाला हुआ है। जब लोगों को दूसरी डोज लगी ही नहीं और उन्हें सर्टिफिकेट कैसे जारी हो गए और वो डोज कहां गई। सरकार बहुत जल्दबाजी में ऐसे निर्णय ले रही है और सरकार चार साल में अपनी चार उपलब्धियां गिनाने में लगी है।
उन्होंने कहा कि एम्स अभी बनकर तैयार भी नहीं हुआ है और उसका उदघाटन कर दिया गया है। उपचुनावों में हार के बाद अपनी उपलब्धियों की चर्चा करवाने के लिए अब जयराम सरकार ऐसे एलानों में जुटी है।


