स्पेशल डेस्क: नैनीताल के सुयालबाड़ी में स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय गंगरकोट (Jawahar Navoday School) में 85 छात्र- छात्राएं कोरोना पॉजिटिव (Corona Positive) हुए है। बच्चों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने से हड़कंप मच गया है। एक साथ 85 बच्चों के संक्रमित पाए जाने से प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग भी हरकत में आ गया है।
96 बच्चों में कोरोना के लक्षण
फिलहाल सभी विद्यार्थियों को विद्यालय में ही आइसोलेट किया गया है। अब तक कुल 96 बच्चों में कोरोना के लक्षण मिले हैं। वहीं नेगेटिव पाए गए विद्यार्थियों को विद्यालय से कब घर भेजा जा सकता है, इस पर प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग व विद्यालय प्रबंधन निर्णय लेगा।
विद्यार्थियों का करवाया गया RTPCR टेस्ट
दरअसल अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय गंगरकोट सुयालबाड़ी में बीते दिनों RTPCR जांच के जरिये विद्यालय स्टाफ व विद्यार्थियों के टेस्ट लिए गए थे। दूसरे दिन आई रिपोर्ट में विद्यालय के प्रधानाचार्य समेत करीब 11 नौनिहाल कोरोना संक्रमित पाए गए।
85 विद्यार्थी कोरोना संक्रमित
इसके बाद हरकत में आए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विशेष शिविर लगाकर करीब 496 विद्यार्थियों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजें। जिसके बाद शनिवार को मिली रिपोर्ट में विद्यालय के 85 विद्यार्थी कोरोना संक्रमित पाए गए है।
छात्रों के होंगे रैपिड एंटीजन टेस्ट
एसडीएम राहुल साह ने बताया कि नेगेटिव छात्रों के अभी रैपिड एंटीजन टेस्ट होंगे, जिसके बाद परिजनों की सहमति से बच्चों को घर भेज दिया जाएगा। वहीं बच्चों को विद्यालय में ही आइसोलेट निगरानी बढ़ाने के साथ ही विशेष टीम भी तैनात की जा रही है।


