स्पेशल डेस्क: पंजाब में एक चरण में सभी 117 विधानसभा सीटों के लिए 14 फरवरी को मतदान होगा। वोटों की गिनती 10 मार्च को होगी। तत्काल प्रभाव से आचार संहिता लागू हो गई है। पंजाब में चुनाव के लिए नोटिफिकेशन 21 जनवरी को जारी होगा। 28 जनवरी तक नामांकन कर सकेंगे।
10 मार्च को आएंगे नतीजे
29 जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 31 जनवरी तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 10 मार्च को चुनावों के नतीजे आएंगे। पंजाब में 117 विधानसभा सीटों में से 34 सीटें आरक्षित हैं। वोटरों को पहली बार नियमों की पर्ची दी जाएगी। पंजाब में चुनाव के समय में एक घंटे का इजाफा किया गया है।
ऑनलाइन कर सकेंगे आवेदन
मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि चुनाव में धांधली रोकने के लिए सुविधा ऐप बनाई गई है। राजनीतिक दल इसका उपयोग कर सकेंगे। इस बार उम्मीदवार इस ऐप के जरिए ऑनलाइन भी आवेदन कर सकते हैं।
कोरोना नियमों के साथ होंगे चुनाव
मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने कहा कि कोरोना नियमों के साथ चुनाव कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 80 से ज्यादा उम्र के मतदाताओं के लिए पोस्टल बैलेट की सुविधा होगी। हर बूथ पर मास्क और सैनिटाइजर की व्यवस्था होगी। हर बूथ पर 1250 मतदाता वोट डाल सकेंगे।
महिलाओं के लिए होंगे अलग बूथ
महिलाओं के लिए खासतौर पर बूथ होंगे। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष चुनाव के लिए गैरकानूनी पैसे, शराब और ड्रग्स पर नजर रखी जाएगी। इस संबंध में सभी एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है।
फ्रंटलाइन वर्कर होंगे चुनाव कर्मी
इलेक्शन ड्यूटी में तैनात सभी कर्मी डबल वैक्सीनेटेड होंगे। इन कर्मियों को बूस्टर डोज भी दिया जाएगा। सभी चुनाव कर्मी फ्रंटलाइन वर्कर होंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी से निकलने के लिए यकीन जरूरी है।
ज्यादा से ज्यादा वर्चुअल प्रचार पर जोर
15 जनवरी तक पदयात्रा, रोड शो, जनसभाओं, बाइक रैली पर पाबंदी लगा दी गई है। डिजिटल, वर्चुअल, तरीके से चुनाव प्रचार करने की बात कही गई है। रात आठ बजे से सुबह आठ बजे तक किसी भी तरह की पब्लिक मीटिंग नहीं होगी। जीत के बाद जश्न की इजाजत भी नहीं होगी। डोर टू डोर प्रचार के लिए सिर्फ 5 लोगों को ही इजाजत होगी। 15 जनवरी के बाद कोरोना के मामलों की समीक्षा होगी।







