हमीरपुर: भाजपा जिला उपाध्यक्ष विक्रम सिंह राणा ने कहा कि हमीरपुर में पकड़ी गई अवैध शराब की खेप से साबित हो गया है कि कांग्रेस का हाथ शराब माफिया के साथ है। इसमें सुजानपुर और बड़सर के विधायकों से लेकर विपक्ष नेता तक के तार जुड़े हो सकते हैं। जो सुजानपुर हमीरपुर से होते हुए चंडीगढ़ तथा शिमला तक फैला हुआ है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों में एक कांग्रेस पार्टी का जिला महासचिव है जबकि दूसरा आरोपी एनएसयूआई का पूर्व जिलाध्यक्ष रह चुका है। इनमें से एक को सुजानपुर में पकड़ने के बाद जमानत पर छोड़ दिया गया लेकिन चंडीगढ़ में इसे फिर से गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में इन लोगों का अवैध कारोबार खूब पनपा।
इन्हीं लोगों ने वर्ष 2017 के विस चुनावों में पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ साजिश रची थी जिसका अब पर्दाफाश हुआ है। उन्होंने कहा कि अभी भी जिला का एक नेता इन माफियाओं से जुड़ा है तथा जिसके पास प्रचार-प्रसार का जिम्मा हैं । जो अब इन लोगों को बचाने में लगा हैं । अगर पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई करें तो ऐसे लोगों का भी पर्दाफाश जल्द हो जाएगा।







