शिमलाः हिमाचल प्रदेश में करीब दो साल बाद 2 मार्च से आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चे आएंगे। प्रदेश के 18 हजार आंगनबाड़ी केंद्रों में दोबार चहल पहल शुरू होने जा रही है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने कोविड नियमों के तहत केंद्रों को खोलने का फैसला लिया है।
2 मार्च से आंगनबाड़ी केंद्रों में भोजन बनाने सहित अन्य गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। महिला एवं बाल विकास की निदेशक ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं। मार्च 2020 में कोरोना महामारी के चलते सरकार ने आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद कर दिया था।
दरअसल, महिला एवं बाल विकास विभाग की निदेशक राखिल काहलो ने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए बनाए गए नियमों के तहत ही केंद्रों को खोला जाएगा। कार्यकर्ताओं और सहायकों को वैक्सीन की दोनों डोज लगा दी गई हैं। केंद्रों में सफाई का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
वहीं, केंद्रों को रोजाना सैनिटाइज भी किया जाएगा। भोजन बनाने के लिए सभी नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करवाया जाएगा। प्रदेश में अब कोरोना के मामलों में गिरावट आई है। जिसके चलते सरकार ने यह फैसला लिया है।

