स्पेशल डेस्क: धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में रिक्त पड़े पदों पर सीटू नेताओं द्वारा ली गई आरटीआई पर जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कहीं पर भी शत -प्रतिशत पद नहीं भरे जाते, लेकिन फिर भी प्रदेश सरकार आने वाले समय में 17 हजार से ज्यादा पदों पर भर्तियां करेगी।
जिसमें शिक्षा विभाग में लगभग 8 हजार, लोक निर्माण विभाग में करीब 5 हजार, जल शक्ति विभाग में लगभग 4 हजार पद भरे जाएंगे। वहीं, अन्य विभागों में भी रिक्त पड़े पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिससे प्रदेश के लोगों को रोजगार मिलेगा।
जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि किसी एक विधानसभा ही नहीं आज समस्त हिमाचल प्रदेश में सरकार के विभिन्न विभागों में हजारों पद रिक्त पड़े है। जिसके लिए सरकार की कैबिनेट समय-समय पर इन रिक्त पदों को भरने व जनता को सुविधा देने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि कैबिनेट बैठक में प्रदेश भर में रिक्त पड़े पदों को भरने को लेकर चर्चा होने के बाद कैबिनेट की मंजूरी से पदों को भरा जाएगा। उसी के तहत आने वाले समय में विभिन्न सरकारी विभागों में रिक्त पड़े अधिकारियों व कर्मचारियों के हजारों पदों को भरा जाएगा।


