शिमला: कोरोना संकट के बाद अब हिमाचल प्रदेश में पर्यटन कारोबार धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगा है। दो साल के बाद प्रदेश में पर्यटकों की आमद पहले की तरह बढ़ने लगी है। पिछले 4 महीनों में प्रदेश में 47 लाख से ज्यादा पर्यटक घूमने पहुंचे। पर्यटन विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमने के बाद 2022 के पहले चार महीनों में 47 लाख से अधिक सैलानियों ने हिमाचल का रुख किया है।
विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, शिमला में सबसे ज्यादा 9 लाख सैलानी घूमने आए। कांगड़ा के शक्ति पीठों में अढ़ाई लाख से अधिक धार्मिक पर्यटक पहुंचे। देश के मैदानी क्षेत्रों में पड़ रही भीषण गर्मी और स्कूलों की छुट्टियों के चलते इनकी संख्या एक करोड़ से ज्यादा पहुंचने की उम्मीद है। जून के महीने में पर्यटक कारोबारी भी सीजन के बढ़ने की आस लगा रहे हैं, जिसकी तैयारियां कारोबारियों ने शुरू कर दी है।
2020 में कोविड-19 महामारी का काल शुरू होने के बाद राज्य में सैलानियों की आमद में करीब 81 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई थी। जिसके चलते कई होटल कारोबारियों पर इसका असर पड़ा था। प्रदेश के कई होटल कारोबारी अपना कारोबार छोड़कर चले गए थे। लेकिन अब जब हालात सामान्य होने लगे हैं तो पर्यटन उद्योग भी पटरी पर लौटने लगा है। दो साल की बंदिशों के बाद पर्यटक हिमाचल का रूख कर रहे हैं।
वीक एंड के तीन दिनों के दौरान शिमला, कुल्लू-मनाली, धर्मशाला, डलहौजी, कसौली, चायल और नारकंडा में पर्यटकों की होटलों में एडवांस बुकिंग 90% पहुंच गई है। पर्यटन विभाग के निदेशक अमित कश्यप की माने तो कोरोना के बाद प्रदेश में पर्यटन कारोबार धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगा है। प्रदेश में पिछले 4 महीनों के दौरान 47 लाख से ज्यादा पर्यटक हिमाचल घूमने पहुंचे हैं। आगे यह संख्या बढ़ सकती है।
जवानी में जनाजा उठा फिर भी मूसेवाला का जादू बरकरार, लगातार बढ़ रहे गानों पर व्यूज






