खबरनाउ ब्यूरो: दिल्ली में हुए किसान आंदोलन में सरकार द्वारा मानी हुई मांगों पर कोई कार्रवाई ना किए जाने पर आज संयुक्त किसान मोर्चा ने पंजाब में अलग-अलग जगह चक्का जाम करने का फैसला लिया है। इस बाबत किसान नेताओं ने पंजाब के लोगों से आह्वान किया कि वह उनका साथ दें और हाईवे आदि का इस्तेमाल करने से गुरेज करें।
चक्का जाम पर जानकारी देते हुए प्रधान जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि पंजाब में 6 पॉइंट पर धरना दिया जाएगा पर कोशिश होगी कि आमजन को परेशानी ना हो। डल्लेवाल ने कहा कि किसान आंदोलन में जो लोग शहीद हुए हैं उनके बच्चों को सरकारी नौकरी अभी तक नहीं मिली। उनका कहना है कि सरकार उनकी जमीनें छीन कॉरपोरेट घरानों को देने की तैयारी में है। वहीं किसानों का गुलाबी सुंडी और सफेद मक्खी के कारण नरमा खराब हुआ, उसका भी मुआवजा उन्हें नहीं दिया जा रहा। साथ ही गन्ने के काश्तकारों को भी सहूलतें मुहैया नहीं करवाई जा रही है।

आज राजपुरा पटियाला रोड़ पर धरेड़ी जट्टां, फरीदकोट टहिणा टी-पॉइंट, अमृतसर में भंडारी पुल, तीन कोनीयां पुल मानसा रोड, मुकेरियां नजदीक और तलवंडी साबो सड़क आदि मुख्य जगहों पर चक्का जाम किया जाएगा। वहीँ प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।



