ख़बरनाउ, ब्यूरो: केंद्र सरकार ने आप सरकार को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत राज्य के लिए भेजे गए अनाज को लाभार्थियों तक समय से पहुँचाने के संबंध में पत्र भेजा है।
दरअसल, योजना के तहत 35 लाख से अधिक लाभार्थी परिवारों के लिए भेजा गया 212269.53 मीट्रिक टन अनाज 31 दिसंबर तक लाभार्थी परिवारों को पहुंचाना खाद्य एवं सिविल सप्लाई विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए चुनौती साबित होने वाला है। इसी मामले के संबंध में केंद्रीय मंत्रालय द्वारा पंजाब सरकार के नाम पर जारी किए पत्र में 15 दिसंबर तक हर राशन डिपो पर अनाज पहुंचाने के निर्देश जारी किए गए हैं जो कि बड़ा चुनौतीपूर्ण काम है क्योंकि खाद्य एवं सिविल सप्लाई विभाग द्वारा अब तक राशन डिपुओं पर पूरी तरह अनाज की खेप तक नहीं पहुंच जा सकी है।
ग़ौरतलब है कि पिछले दिनों विजिलेंस विभाग द्वारा ट्रांसपोर्टेशन घोटाला मामले को लेकर विभागीय अधिकारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई के विरोध में खाद्य एवं सिविल सप्लाई विभाग का पूरा स्टाफ हड़ताल पर चला गया, जिस कारण पूरी चेन प्रणाली बिलकुल ठप्प हो गई। ऐसे में अब विभाग के लिए महज़ कुछ दिनों में लाखों लाभार्थियों तक राशन को पहुँचाना एक बड़ा टास्क होगा।
दिलचस्प है कि प्रधानमंत्री ग़रीब कल्याण टोजनांके अलावा पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई स्मार्टकार्ड धारकों के लिए 2 रुपए प्रति किलो के हिसाब से मुहैया करवाई जाने वाली 3 महीने की गेंहू भी 1 अक्टूबर से लेकर 31 दिसंबर तक की बकाया खड़ी है। अब दोनों योजनाओं के अन्तर्गत समयबद्ध तरीक़े के साथ काम कितनी जल्दी पूरा होता है, यह देखना होगा।







