नई दिल्ली। एक लंबे समय से रिक्त पड़े मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष पद पर जल्द नियुक्ति होने जा रही है। सुप्रीम कोर्ट के रिटायर जस्टिस अरुण कुमार मिश्रा (Justice Arun Mishra) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग यानी नेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन के नए अध्यक्ष होंगे। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली समिति ने उनके नाम को मंजूरी दी। NHRC के अध्यक्ष का पद पिछले छह महीने से खाली था, अब छह महीनों के इंतजार के बाद जस्टिस अरुण कुमार मिश्रा की इस पद पर नियुक्ति होनी है। इसके अलावा जम्मू कश्मीर हाई कोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस महेश कुमार मित्तल और आईबी के पूर्व निदेशक डॉ राजीव जैन को भी (NHRC) राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग का सदस्य बनाया गया है. प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली इस उच्च स्तरीय समिति में गृह मंत्री अमित शाह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के अलावा राज्यसभा में नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राज्य सभा के उपसभापति हरिवंश शामिल थे.
हालांकि मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष पद पर जस्टिस अरुण मिश्रा के नाम को मंजूरी मिलने के बाद, अब ये खबरें भी सामने आ रही है कि सुप्रीम कोर्ट का जज रहते हुए प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करने पर जस्टिस मिश्रा की आलोचना हुई थी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को वर्सेटाइल जीनियस और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त विजनरी बताया था. सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने इसके खिलाफ प्रस्ताव पारित किया था।







