स्पेशल डेस्क: यूरोपियन देश मोंटेनेग्रो में हुई स्कीइंग की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में मनाली की आंचल ठाकुर ने इतिहास रच दिया है। आंचल ने अल्पाइन में भारत के लिए कांस्य पदक जीता है। इससे पहले आंचल 2018 में भी टर्की में हुई स्कीइंग की अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में कांस्य पदक जीत चुकी है।
देशभर में खुशी की लहर
बता दें कि वह देश की पहली महिला खिलाड़ी बन गईं हैं, जिन्होंने स्कीइंग में भारत के लिए किसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दो कांस्य पदक जीते हैं। 21 साल की आंचल ठाकुर की इस सफलता से पूरे हिमाचल सहित देशभर में खुशी की लहर है। बेटी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश-प्रदेश का नाम रोशन किया है।
2 महीने से ऑस्ट्रेलिया में ले रही प्रशिक्षण
आंचल ठाकुर पिछले 2 महीने से ऑस्ट्रिया मे स्कीइंग का प्रशिक्षण ले रही है।उनका यह प्रशिक्षण अगले माह जनवरी तक चलेगा। आंचल को चीन में होने वाले विंटर ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई भी करना है।
पिता ने 1998 में PM मोदी को करवाई थी पैराग्लाइडिंग
आंचल ठाकुर के पिता रोशन ठाकुर ने बताया कि उनकी बेटी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। आंचल के पिता रोशन ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 1998 में सोलंगनाला में पैराग्लाइडिंग करवाई थी।







