शिमला: सिख फॉर जस्टिस द्वारा 29 अप्रैल को शिमला के रिज मैदान पर खलिस्तानी झंडा फहराने की धमकी दी गई है। इसके जवाब में कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने मंगलवार को राजधानी शिमला के रिज मैदान पर तिरंगा यात्रा निकालने का ऐलान किया है। 29 अप्रैल को प्रदेश भर में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी।
बता दें कि सिख फॉर जस्टिस द्वारा हिमाचल के विधायकों सहित कई अन्य लोगों को भी धमकी भरे मैसेज भेजे जा रहे हैं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा किसी दल विशेष की नहीं है। कोई भी व्यक्ति चाहे वह किसी भी राजनीतिक दल से संबंध रखता हो या नहीं वह इस यात्रा में भाग ले सकता है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कुछ लोग देश की एकता व अखंडता को तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। हिमाचल शांतिप्रिय प्रदेश है, यहां पर इस तरह की घटनाएं न तो घटित हुई है और न ही यहां के लोग ऐसा कुछ होने देंगे। उन्होंने कहा कि विदेश में बैठकर यदि कोई ऑनलाइन माध्यम से धमकियां देगा तो उसका जवाब उसे दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश में केवल भारत का तिरंगा झंडा ही फहराया जाएगा। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री से वैचारिक मतभेद हो सकते हैं लेकिन राष्ट्रवाद के मसले पर हम सरकार के साथ चट्टान की तरह खड़े हैं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उन्हें भी धमकी भरा मैसेज आया है, इसका मुंहतोड़ जवाब वह दे चुके हैं।
उन्होंने कहा कि देश का तिरंगा, देश का सम्मान सबसे ऊपर है, इसमें किसी भी तरह की राजनीति बदार्शत नहीं की जाएगी। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में अलगाववादी सोच की न तो कोई जगह है और न ही इस तरह के विचारों को पनपने दिया जाएगा।







