देश के सबसे बड़ा अस्पताल एम्स दिल्ली का सर्वर पिछले 6 दिनों से हैक है. बुधवार यानी 23 नवंबर को रैनसमवेयर अटैक करके हैक कर लिया गया था. सर्वर हैक करने वालों ने 200 करोड़ रुपए की डिमांड की है. हैकर्स ने पेमेंट क्रिप्टोकरंसी के जरिए करने को कहा है. इससे अस्पताल की सेवाएं बुरी तरह से प्रभावित हो रही हैं. अस्पताल की ओपीडी और आईपीडी में आने वाले मरीजों का इलाज करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सर्वर ठप होने के कारण ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट लेने और टेलीकंसल्टेशन जैसी डिजिटल सेवाएं भी प्रभावित रहीं.
दिल्ली पुलिस ने 25 नवंबर को मामले में जबरन वसूली और साइबर टेररिज्म का केस दर्ज किया था.जांच एजेंसियों की सिफारिश पर अस्पताल में कंप्यूटरों पर इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं. एम्स के सर्वर में पूर्व प्रधानमंत्रियों, मंत्रियों, बड़े अफसरों, जजों समेत कई वीआईपी का डेटा स्टोर है.






