खबरनाउ ब्यूरो: पंजाब के गुरदासपुर जिले में लगभग 800 एकड़ में बने केशोपुर छंब में इस साल बीते वर्षों के मुकाबले लगभग दोगुना प्रवासी पंछियों के पहुंचने की संभावना बताई जा रही है। विदेशों में समय से पहले बर्फबारी होने के कारण इस केशोपुर छंब में अभी तक 18 हजार से अधिक प्रवासी पंछी पहुंच चुके हैं। गुरदासपुर-बहरामपुर सड़क पर बना केशोपुर छंब पुराने समय में महाराजा रंजीत सिंह की शिकारगाह हुआ करती थी और हर साल यहाँ सर्दियों में प्रवासी पंछी विदेशों से आते हैं।
बीते कुछ वर्षों से यहाँ पर प्रवासी पंक्षियों कि संख्या दस हज़ार तक हुआ करती थी लेकिन जिला प्रशासन तथा संबंधित विभाग द्वारा पहल करने के बाद से यह आंकड़ा 12 हजार तक पहुँच गया है लेकिन इस बार यह संख्या 18 हजार से ऊपर होने कि गुंजाईश बताई की जा रही है। इस बाबत वन जीव विभाग के अधिकारीयों का कहना है कि विदेशों में बर्फबारी अधिक होने और पंछियों के शिकार पर पूर्ण रोक लगने से इस बार यह प्रवासी पंछियों की आमद में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है तथा संभावना है कि यह आंकड़ा 25 हजार तक पहुंच जाएगा। उन्होंने कहा कि क्रेन नाम के विशेष प्रजाति के प्रवासी पंछी बहुत अधिक संख्या में आए हैं। यही कारण है कि इस बार गुरदासपुर के लोगों के लिए और पर्यटकों के लिए यह प्रवासी पंक्षी विशेष आकर्षण का केन्द्र बने हुए हैं और बड़ी तादाद में पर्यावरण प्रेमी और पर्यटक इन्हें देखने पहुँच रहे हैं।






