पूनम मेहता, शिमला: हिमाचल प्रदेश में लगातार आगजनी की घटनाएं बढ़ती ही जा रही है। शिमला के कोटखाई में देवरी खनेटी पंचायत के अंतर्गत डाहर गांव में सुबह 10 बजे के करीब आग लग गई। आगज़नी इतनी भयंकर थी कि दो परिवारों के मकान जलकर पूरी तरह से राख हो गए। किशोरी लाल का दो मंजिला 8 कमरों का मकान और एक किचन आगज़नी की भेंट चढ़ गया। आगज़नी ने साथ लगते मोहन लाल के 4 कमरों के मकान को भी चपेट में ले लिया। गनीमत यह रही कि मकान में रह रहे सभी लोग सुरक्षित है।
पुलिस प्रशासन की एडवाइजरी के बावजूद भी आम जनमानस द्वारा आगजनी की घटनाओं को हल्के में लिया जा रहा है। वहीं कोटखाई में अग्निशमन के दो वाहन आग बुझाने पहुंचे और आग पर काबू पाकर अन्य मकानों को जलने से बचाया। इस अग्निकांड में दो परिवार बेघर हो गए। बेघर घर परिवार वाले सरकार से उचित राहत मिलने की उम्मीद में है। अग्निशमन विभाग के मुताबिक आगजनी हुए दो मंजिला मकान में 15 कमरें थे। इसमें 2 परिवार रह रहे थे।
डीएसपी ठियोग कुलविंदर सिंह ने बताया कि आगजनी में किसी भी प्रकार का जान माल का नुकसान नहीं हुआ है। इस घटना में लाखों की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। आपको बता दें कि बीते दिनों हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू उपमंडल में 3 मंजिला मकान में जलकर राख हो गया था।






