नई दिल्ली: वर्ष 2020 के लिए टोक्यो में हुए ओलंपिक खेलों के आयोजन का समापन हो चुका है और ओलंपिक खेल भारत के लिए बेहद खास रहा इसमें पहली बार भारत को एथलेटिक्स में जैवलिन थ्रो के क्षेत्र से गोल्ड मेडल मिला तो वर्षों के इंतजार के बाद भारत को हॉकी में पदक प्राप्त हुआ। इन ओलंपिक खेलों की खास बात यह रही कि पदक सारणी में भारत की स्थिति में सुधार हुआ। और अब जल्द ही भारतीय सैनिक भी खेलों में अपना दम दिखाएंगे
भारतीय सेना का एक सौ एक सदस्यीय दल अंतर्राष्ट्रीय सेना खेल-2021 में भाग लेने के लिए रूस रवाना होगा। इन खेलों का आयोजन आगामी 22 अगस्त से 4 सितम्बर के बीच होगा। सेना का यह दल आर्मी स्काउट मास्टर्स प्रतियोगिता, एल्ब्रस रिंग, पोलर स्टार, स्नाइपर फ्रंटियर और सेफ रूट गेम्स में भाग लेगा, इनमें ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फ में ऑपरेशन, स्नाइपर एक्शन और इंजीनियरिंग कौशल की प्रतियोगिताएं भी शामिल हैं।
इन वार्षिक खेलों में भाग लेना विश्व सेनाओं के बीच भारतीय सेना की पेशेवर दक्षता को दर्शाता है। इन प्रतियोगिता के आयोजन से सेनाओं के बीच आपसी सहयोग को बढ़ावा मिलता है।
इस से पूर्व अंतरराष्ट्रीय सेना खेलों का आयोजन वर्ष 2019 में जैसलमेर में आयोजित किया गया था और आर्मी स्काउट्स मास्टर प्रतियोगिता में भाग लेने वाले आठ देशों में भारत पहले स्थान पर रहा था।






