स्पेशल डेस्क: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के जंग का ऐलान करने के बाद यूक्रेन ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। रूसी हमले के बीच यूक्रेन को डर है कि उनके यहां आने वाली फ्लाइट्स पर साइबर अटैक किया जा सकता है। इसके अलावा सिविलियन फ्लाइट्स को निशाना बनाते हुए शूटडाउन करने का खतरा भी बना हुआ है।
यूक्रेन स्टेट एयर ट्रैफिक सर्विस के अनुसार, खतरों के मद्देनज़र गुरुवार को पूरे यूक्रेन के एयरस्पेस को सिविल फ्लाइट्स के लिए बंद कर दिया गया है। बता दें कि यूरोप के विमानन नियामक ने पहले ही सैन्य गतिविधियों की वजह से रूस और बेलारूस की बॉर्डर से सटे इलाकों में उड़ान के खतरों को लेकर अलर्ट जारी कर दिया था।
यूरोप ने कहा था कि जंग के हालातों के बीच यात्री विमानों को लेकर गलतफहमी हो सकती है। यदि ऐसा होता है तो कई लोगों की जान खतरे में पड़ जाएगी। वहीं, गुरुवार को एयर इंडिया की फ्लाइट क्रमांक AI1947 यूक्रेन की राजधानी कीव से दिल्ली वापस आई है। इसमें मेडिकल छात्रों समेत कई भारतीय नागरिक स्वदेश लौटे हैं।
दरअसल, 2014 में पूर्वी यूक्रेन के ऊपर मलेशिया एयरलाइंस के एक विमान एमएच 17 को शूटडाउन कर दिया गया था। इसलिए इस बार विमान कंपनियां हमले को लेकर पहले से ही सतर्क हो गई हैं।







