स्पेशल डेस्क, शिमला: केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट अफ़ेयर्स राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश द्वारा आयोजित सेमी वर्चुअल प्रदेश कार्यसमिति बैठक में भाग लेते हुए केंद्र की मोदी सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए इनके माध्यम से आत्मनिर्भर भारत का विजन साकार होने की बात कही है।
अनुराग ठाकुर ने कहा की केंद्र की मोदी सरकार सबका साथ,सबका विकास व सबका विश्वास के मूलमंत्र के साथ सवा सौ करोड़ हिंदुस्तानियों के कल्याण के लिए कार्यरत है।कोरोना महामारी के दौरान 7 करोड़ गरीब परिवारों को मुफ्त गैस सिलेंडर दिए गए, राशनकार्ड हो या न हो, 80 करोड़ से ज्यादा लोगों को मुफ्त अन्न की व्यवस्था की गई, बैंक खातों में करीब-करीब 90 हजार करोड़ रुपए सीधे ट्रांसफर किए गए। कुछ वर्ष पहले तक ये सब कल्पना भी नहीं की जा सकती थी कि इतना सारा काम, बिना किसी लीकेज के हो जाएगा, गरीब के हाथ में सीधे पैसा पहुंच जाएगा।मोदी सरकार ने प्रवासी कामगारों को अपने गाँव में ही रोजगार देने के लिए गरीब कल्याण रोजगार अभियान भी शुरू किया गया है।आत्मनिर्भर भारत की एक अहम प्राथमिकता आत्मनिर्भर कृषि और आत्मनिर्भर किसान है।देश के किसानों को आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर देने के लिए कुछ दिन पहले ही एक लाख करोड़ रुपए का ‘एग्रीकल्चर इनफ्रास्ट्रक्चर फंड’ बनाया गया है।केंद्र सरकार द्वारा सभी वर्गों के लिए चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं से देश आत्मनिर्भर होने की दिशा में अग्रसर है।
अनुराग ठाकुर ने कहा भारत की संप्रभुता का सम्मान हमारे लिए सर्वोच्च है।इस संकल्प के लिए हमारे वीर जवान क्या कर सकते हैं, देश क्या कर सकता है, ये लद्दाख में दुनिया ने देखा है भारत के जितने प्रयास शांति और सौहार्द के लिए हैं, उतनी ही प्रतिबद्धता अपनी सुरक्षा के लिए, अपनी सेना को मजबूत करने की है।भारत अब रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता के लिए भी पूरी क्षमता से जुट गया है।देश की सुरक्षा में हमारे बॉर्डर और कोस्टल इंफ्रास्ट्रक्चर की भी बहुत बड़ी भूमिका है।हिमालय की चोटियां हों या हिंद महासागर के द्वीप, आज देश में रोड और इंटरनेट कनेक्टिविटी का अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है, तेज़ गति से विस्तार हो रहा है।







