ख़बरनाउ ब्यूरो: वित्त वर्ष 2023-24 के लिए नई दिल्ली में हुई केंद्रीय बजट की बैठक में पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने सुझावों और मांगों को लेकर एक व्यापक पत्र सौंपते हुए केंद्र सरकार से राज्य के लिए विशेष पैकेज की मांग की है। उन्होंने मांग पत्र में राज्य में औद्योगिक विकास, पाक सीमा की सुरक्षा, पराली के मुद्दे के अलावा अमृतसर और बठिंडा से वंदे भारत रेलगाड़ियां और राजपुरा-चंडीगढ़ रेल लिंक बनाने की भी मांग की।
बता दिए कि शुक्रवार को नै दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अगुवाई में राज्यों के वित्त मंत्रियों की बजट पूर्व बैठक रखी गयी थी जिसमें पंजाब के वित्त मंत्री चीमा ने कहा कि सरहदी राज्य पंजाब को निवेशकों व उद्योगों को आकर्षित करने के लिए ‘विशेष मामले’ के तौर पर विचारा जाए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि सरहदी जिलों पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर और फाजिल्का में औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए पंजाब को 2500 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज मुहैया करवाया जाए। साथ ही वित्त मंत्री ने राज्य के सरहदी जिलों में पुलिस बल और पुलिस ढांचे के आधुनिकीकरण के लिए 1000 करोड़ रुपये की विशेष सहायता की भी मांग की है।
राज्य के सरहदी जिलों में बीएसएफ पर दबाव कम करने के मकसद से चीमा ने पत्र में पुलिस बल की दो बटालियन को पक्के तौर पर तैनात करने के लिए 160 करोड़ रुपये के बजट की भी मांग की।







