खबरनाउ ब्यूरो: गोवा में आयोजित 53वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में ‘द कश्मीर फाइल्स’ (The Kashmir Files) फिल्म को लेकर इफ्फी के जूरी हेड और इज़राइली फिल्मकार नदाव लैपिड की ओर से दिए गए बयान से विवाद बढ़ता जा रहा है. सोमवार को लैपिड ने हिंदी फिल्म ‘ द कश्मीर फाइल्स’ को ‘दुष्प्रचार करने वाली‘ और ‘भद्दी’ फिल्म बताया था जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के जूरी बोर्ड ने इस टिप्पणी को उनकी व्यक्तिगत राय बताते हुए खुद को इससे अलग कर लिया था. वहीँ फिल्म में नायक की भूमिका में रहे अभिनेता अनुपम खेर ने इज़राइली फिल्म निर्माता की आलोचना करते हुए उनके बयान को शर्मनाक बताया है. अभिनेता ने कहा, “भगवान उन्हें सद्बुद्धि दें. अगर प्रलय सही है तो कश्मीरी पंडितों का पलायन भी सही है.”
द कश्मीर फाइल्स विवेक अग्निहोत्री के निर्देशन में बनी फिल्म है. फिल्म 11 मार्च 2022 को रिलीज हुई थी जो साल 1990 में हुए कश्मीर विद्रोह पर आधारित है. फिल्म में कश्मीरी हिंदुओं के पलायन और नरसंहार दर्दनाक की कहानी को दर्शाया गया है. अनुपम खेर, पल्लवी जोशी और मिथुन चक्रवर्ती जैसे स्टार्स ने इसमें लीड रोल निभाया है. कश्मीर फाइल्स ने अच्छा कारोबार किया था. इसने बॉक्स ऑफिस पर 290 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी. इस फिल्म पर सांप्रदायिक भावनाओं को भड़काने के आरोप भी लगे थे.
आपको बता दें कि यह फिल्म इफ्फी के ‘इंडियन पनोरमा सेक्शन’ का हिस्सा थी और इस फिल्म की स्क्रीनिंग 22 नवंबर को कि गई थी. बहरहाल इस मामले पर विवाद थमता नज़र नहीं आ रहा है और सोशल मीडिया पर भी इस बयान को लेकर लोगों के मिक्स्ड रिएक्शंस देखने को मिल रहे हैं.






