हमीरपुर। बमसन ब्लॉक के पटनौण पंचायत में हाल ही में स्थानीय मंदिर में हुए भागवत तथा 23 अप्रैल को हुए भंडारे ने लोगों की नींद उड़ा कर रख दी है। कथावाचक, पुजारी, कमेटी प्रधान सहित दो दर्जन लोग पॉजिटिव, आने के बाद हालात बेकाबू होते नजर आ रहे हैं। 23 अप्रैल को भंडारे के बाद लोगों की तबीयत बिगाड़ना शुरू हुई तो कोरोना टेस्ट करवाने दौड़े। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों का इलाज नेरचौक मेडिकल कालेज अस्पताल में चला हुआ है। चिंता व्यक्त की जा रही है कि जिस तरह से एक ही पंचायत के 24 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए उससे कम्युनिटी स्प्रेड का खतरा बढ़ सकता है।
सूत्रों की मानें तो पटनौण पंचायत के धार, लागवाल बस्ती और पटनौण गांवों में अभी भी 70 से अधिक पुरुष, महिलाएं व बच्चे कई दिनों से बुखार व खांसी से पीड़ित हैं तथा कोरोना टेस्ट करवाने से आनाकानी कर रहे हैं। इस संदर्भ में सीएमओ आरके अग्निहोत्री ने टोनी देवी बीएमओ और बीडीओ को मौके पर हालात देखने के दिए आदेश दिए हैं।
वार्ड सदस्य लश्करी राम ने बताया कि पूरी पंचायत को कैंटोनमेंट जोन बनाया जाए क्योंकि लोग मिनी कैंटोनमेंट जोन की बंदिशों को पूरी तरह से नहीं मान रहे। उन्होंने पुलिस का पहरा लगाने की भी मांग की है।
पटनौण पंचायत के प्रधान अनूप के अनुसार मंदिर में गत दिनों हुए भागवत और भंडारे के बाद ही हालात बिगड़े हैं। उन्होंने कहा कि अभी भी बहुत से लोग टेस्ट करवाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैैं। पंचायत प्रधान ने कहा कि बुधवार को वह स्वयं घरों को सेनेटाईज करने निकले हैं।
सीएमओ आरके अग्निहोत्री ने कहा कि मिनी कैंटोनमेंट जोन में संक्रमितों को बंदिशों को सख्ती से मानना चाहिए। घरों को सेंटाईज करने के लिए बीडीओ, बीएमओ और पंचायत को कहा गया है।





