खबरनाउ,ब्यूरो: प्रदेश में बड़े अस्पतालों में मरीज़ों की संख्या कम करने और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के मकसद से हिमाचल स्वास्थ्य विभाग जल्द ही ग्रामीण और शहरी इलाकों में बीमारियों का सर्वे करेगा। सर्वे के बाद बीमारियों को देखते हुए (CHC) सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर्स की तैनाती की जाएगी। इसके लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को जिला अस्पतालों से जोड़ा जाएगा। गंभीर मामलों में मेडिकल कॉलेजों के विशेषज्ञ चिकित्सक की भी राय ली जाएगी। सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आधारभूत ढांचे से विकसित होंगे। इनमें मरीजों के टेस्ट, मरीजों को भर्ती करने के लिए बेड की व्यवस्था, विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ पैरामेडिकल स्टाफ तैनात होगा। इस सर्वे से प्रदेश में किस क्षेत्र में किस विशेषज्ञ की ज़रूरत है, यह काफी हद तक साफ़ हो जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की यह पहल नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) के तहत कार्यवान्वित की जाएगी। इसके पीछे की बड़ी वजह प्रदेश के बड़े अस्पतालों में मरीजों के बढ़ते दबाव को कम करने की है। स्थानीय लोगों को अपनी छोटी से छोटी बीमारी के उपचार के लिए जिला और मेडिकल कॉलेज न आना पड़े, इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत करने की कोशिश है।







